तस्करों को कानून का कोई डर नहीं? बड़े पैमाने पर गुटखा की महाराष्ट्र में तस्करी
- by admin
- May 23, 2023
मुंबई, महाराष्ट्र में गुटखा पर प्रतिबंध होने के बावजूद गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा जैसे पड़ोसी भाजपा शासित राज्यों से बड़े पैमाने पर गुटखा की महाराष्ट्र में तस्करी किए जाने का खुलासा हुआ है। गुटखा तस्करों को कानून का कोई डर नहीं होने के कारण प्रदेश में गुटखा तस्करी बढ़ती जा रही है। स्टेट फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के आंकड़ों के मुताबिक, साल भर में महाराष्ट्र में साढ़े पांच करोड़ रुपए का गुटखा जब्त किया गया है। महाराष्ट्र में २०१२ में गुटखा, पान मसाला, सुगंधित सुपारी, खर्रा के उत्पादन, भंडारण, वितरण, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। गुपचुप तरीके से गुटखा बेचने वालों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जा रही है, लेकिन ऐसे मामलों में तीन साल से ज्यादा की सजा का प्रावधान नहीं है। इसलिए गुटखा खुलेआम बेचा जा रहा है, क्योंकि इस कानून को ज्यादा लागू नहीं किया गया है। नतीजतन गुटखा की तस्करी बढ़ रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पिछले एक साल में राज्य में करीब ५ करोड़ ५० लाख रुपए मूल्य का गुटखा जब्त किया है। इसमें पुणे- २ करोड़ २८ लाख १६४ रुपए, नासिक -३ करोड़ ६५ लाख २२ हजार ६७६ रुपए, संभाजीनगर -३७ लाख १३ हजार ३८४ रुपए, अमरावती – ११ लाख २१ हजार ७११ रुपए, नागपुर -७ लाख ८५ हजार ७३४ रुपए, ठाणे-४४ लाख ८३ हजार ५५६ रुपए से भारी मात्रा में गुटखा जब्त किया गया है।

रिपोर्टर
admin