पुणे में महिला के साथ गैंगरेप, पति के रिश्तेदार समेत दोस्त पर लगा हत्या का आरोप
- by admin
- Sep 22, 2021
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र से एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रविवार को पुणे में गैंगरेप के बाद एक महिला की हत्या कर दी गई है। ये जानकारी पुणे पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक इस अमानवीय घटना को महिला के पति के रिश्तेदार ने अंजाम दिया है। न्यूज के मुताबिक, पुलिस ने कहा है कि पुणे जिले के मौजे सोमाटाने गांव में 19 वर्षीय महिला के साथ उसके पति के रिश्तेदार और उसके दोस्त ने गैंगरेप किया। इसके बाद महिला की हत्या कर दी गई। ये घटना एक मंदिर के पास हुई जहां महिला अपने पति के रिश्तेदार के साथ गई थी।
पुलिस ने कहा कि पिंपरी चिंचवाड़ के तलेगांव दाभाडे थाने में सोमवार को मामला दर्ज किया गया है। महिला के रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। हाल ही में पुणे से नाबलिग के साथ गैंगरेप की खबर सामने आई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुणे रेलवे स्टेशन के पास से एक नाबलिग लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद कथित रूप से उसके साथ रेप किया गया है। इस घटना में पुलिस ने 10 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें छह ऑटो रिक्शा ड्राइवर हैं और दो रेलवे कर्मचारी भी शामिल थे। गौरतलब है कि हाल ही में मुंबई के साकीनाका इलाके में एक महिला के साथ कथित रूप से रेप किया गया था। इसके साथ ही महिला की बेरहमी से पिटाई भी की थी। इस घटना के अगले ही दिन महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था।

रिपोर्टर
admin