अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने की मनसे प्रमुख से मुलाकात, राज्य की राजनीति में हलचल हुई तेज
- by admin
- Feb 21, 2022
मुंबई : शिवसेना और भाजपा नेताओं में जारी वाकयुद्ध के बीच रविवार को मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने मुलाकात की। राज ठाकरे के दादर स्थित शिवतीर्थ निवास पर दोनों नेताओं की बंद कमरे में हुई मुलाकात के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस साल होने वाले मुंबई मनपा सहित अन्य मनपा और नपा चुनाव में शिवसेना को पराजित करने के लिए भाजपा ने जहां कमर कसना शुरू कर दिया है, वहीं लोढ़ा और मनसे प्रमुख की मुलाकात को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच मुंबई, ठाणे, केडीएमसी मनपा सहित अन्य मनपा के चुनाव में शिवसेना को सत्ता से दूर रखने के लिए मनसे और भाजपा में छुपी युति पर चर्चा हुई। लेकिन इस पर दोनों दलों की तरफ से अभी तक कोई अधिकृत प्रतिक्रिया नहीं आई है। भाजपा, शिवसेना को मुंबई मनपा की सत्ता से हटाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इससे पहले मनसे प्रमुख से विपक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस और भाजपा विधायक आशीष शेलार भी मुलाकात कर चुके हैं।

रिपोर्टर
admin