पत्नी ने की पति की प्रेमिका की हत्या, बहन और सहेली के साथ मिलकर लाश को लगाया ठिकाने
- by admin
- Oct 08, 2022
मुंबई : मुंबई की नेहरू नगर पुलिस ने तीन ऐसी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिन पर कथित रूप से किसी एक महिला की हत्या करने और बाद में उसकी बॉडी को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि 5 अक्टूबर को उन्हें नेहरू नगर के एक नाले में अधेड़ उम्र की एक महिला का शव आंशिक रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव को देखने से लग रहा था कि महिला की हत्या बड़े ही निर्मम तरीके से की गई है।
उसके गले में किसी धारदार हथियार जैसे चाकू से कटने के भी निशान थे। मामले की जांच कर रही एक पुलिस अधिकारी ने कहा, नेहरू नगर की पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला ताकि इनसे उनके हाथ कुछ सुराग लग सके। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक आरोपी 25 साल की मीनल पवार की पहचान की गई।
मीनल को शक था कि उसके पति का मृत महिला के साथ अवैध रिश्ता है। इसके बाद वह अपनी बहन शिल्पा पवार और दोस्त प्रज्ञा भालेराव के साथ मिलकर कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद इन्होंने शव को एक बोरे में भरकर आटो की मदद से कुर्ला लेकर गए और वहां पहुंचकर इसे एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन में से दो आरोपी नजर आए। इनसे जब पूछताछ की गई तो तीसरे के भी मामले में शामिल होने का पता चला। इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

रिपोर्टर
admin