कोपरी से नालासोपारा जा रही मनपा परिवहन बस का ब्रेक फेल, बस नाले में गई
- by admin
- Sep 06, 2021
ठाणे : कोपरी से नालासोपारा जा रही मनपा परिवहन बस सेवा की एक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिससे बस एक नाले में घुस गई। बस के अंदर कुल ४० यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। अच्छी बात ये हुई कि इस हादसे में किसी को एक खरोंच तक नहीं आई। परिवहन विभाग इस मामले की जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम करीब ७ बजे कोपरी से यह बस निकली थी। घोडबंदर रोड से जाते समय काजू पाढ़ा स्थित वरदान लोक आश्रम के पास बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। अनियंत्रित होकर बस दाहिने साइड के डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क के पास स्थित नाले में घुस गई और उसके दोनों अगले टायर कीचड़ में बुरी तरह से फंस गए। इस दौरान संयोग अच्छा था कि बस कीचड़ में फंसकर खाई में नहीं गिरी और सामने से कोई वाहन नहीं आया, वरना एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी जबतक मौके पर पहुंचे, तबतक सभी यात्री बस से बाहर निकल चुके थे। कुछ समय बाद दूसरी बस से यात्रियों को उनके गंतव्य स्थल तक रवाना कर दिया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटना ग्रस्त बस को निकाला गया। मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर
admin