संजय राउत ने पीएमओ को सौंपे सबूत, कहा- खेल शुरू हो चुका है
- by admin
- Mar 01, 2022
महाराष्ट्र: शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय राउत ने सोमवार को केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कैसे केंद्रीय एजेंसियां एक व्यक्ति को फंसाने के लिए अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन एजेंसियों के कुछ अधिकारी अपने एजेंट्स के द्वारा जबरन वसूली करते हैं और ब्लैकमेल करते हैं। उन्होंने प्राइम मिनिस्टर ऑफिस में इन सबके सबूत जमा करने का दावा किया है। संजय राउत ने एक ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा कि खेल शुरू हो गया है। पीएमओ इंडिया को आज सबूत सौंपे हैं कि कैसे कुछ अधिकारी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा कि इसकी पूरी जानकारी देने के लिए वे एक पीसी भी करेंगे। इससे पहले शिवसेना नेता ने आरोप लगाया था कि भाजपा के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व में यह आरोप भी लगाया था कि कुछ लोगों ने उनसे महा विकास अघाड़ी की सरकार गिराने के लिए कहा था ताकि महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव हो।
आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का प्रयोग राज्यों में लोकतंत्र द्वारा चुनी हुई सरकार गिराने के मकसद से करती है। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। इससे पहले नवाब मलिक के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर भी शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा पर निधाना साधा था। उन्होंने भाजपा को चेतावनी भी दी थी। संजय राउत ने कहा था कि, नवाब मलिक एक वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री हैं। ईडी जिस तरह से उन्हें उनके घर से ले गई, वह महाराष्ट्र सरकार के लिए एक चुनौती है। हमारे राज्य में आकर एक मंत्री को केंद्रीय एजेंसियां ले जाती हैं। 2024 के बाद आपकी भी जांच होगी। इस बात का ध्यान रखें।

रिपोर्टर
admin