पिता से पैसे ऐंठने के लिए बेटे ने रची अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस ने किया पर्दाफाश
- by admin
- Jun 03, 2023
मुंबई, गोरेगांव इलाके से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बांगुर नगर लिंक रोड पुलिस ने 27 वर्षीय युवक को खुद के फर्जी अपहरण की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि दहिसर निवासी आरोपी ने अपने लोन का भुगतान करने के लिए अपने पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की लेकिन पैसे मिलने से पहले उसका पर्दाफाश हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जितेंद्र जोशी गोरेगांव पश्चिम में लिंक रोड पर स्थित एक सुपरमार्केट में मैनेजर है। डीसीपी अजय बंसल ने बताया, “अपना कर्ज चुकाने के लिए 27 वर्षीय जितेंद्र जोशी ने खुद के अपहरण का झूठा नाटक किया और अपने परिवार से फिरौती मांगी। जोशी की पत्नी को उनके ही (आरोपी के) नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया और कॉलर ने उनसे 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। शिकायत मिलने के बाद हमने 12 घंटे में उस शख्स को ढूंढ निकाला और पूछताछ के दौरान उसने सच बताया। अदालत ने जोशी को 3 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा है।"
मंगलवार की रात जब जोशी काम से घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसे फोन किया। हालांकि उसका फोन स्विच ऑफ था। रात करीब दो बजे जोशी की पत्नी को पति के व्हाट्सएप से एक वीडियो मिला। क्लिप में कथित तौर पर जितेंद्र फर्श पर लेटा हुआ दिख रहा था, उसके दोनों हाथ उसकी पीठ के पीछे बंधे हुए थे।
कुछ समय बाद पत्नी को व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें व्यक्ति ने जोशी को जिंदा छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। फोन करने वाले ने परिवार से बुधवार सुबह 7 बजे ओबेरॉय मॉल में फिरौती की रकम लाने के लिए कहा। साथ ही पुलिस को सूचित करने पर जोशी को मारने की धमकी भी दी।

रिपोर्टर
admin