लॉरेंस बिश्नोई का खास शूटर विक्रम बराड़ यूएई से गिरफ्तार
- by admin
- Jul 28, 2023
मुंबई, बॉलीवुड में ‘डी’ कंपनी की तरह अपनी ‘एल’ कंपनी का दबदबा बनाने का मंसूबा पालनेवाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खास शूटर विक्रम बराड़ को एनआईए ने यूएई से गिरफ्तार कर लिया है। विक्रम बराड़, लॉरेंस बिश्नोई की मदद से हथियारों की तस्करी में लिप्त था। आतंक, गैंगस्टर, तस्कर सहित कुल ११ मामलों में फरार विक्रम बराड़ उर्फ विक्रमजीत सिंह सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी शामिल था। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में विक्रम बराड़ ने बताया है कि लॉरेंस बिश्नोई बॉलीवुड पर अपनी ‘एल’ कंपनी का सिक्का जमाना चाहता है, जिसमें उसने लॉरेंस की बहुत मदद की है। लॉरेंस के कहने पर ही उसने सलमान खान को धमकी दी थी। लॉरेंस का ब्रेन कहे जानेवाले गोल्डी बराड़ से भी विक्रम के संबंध हैं। विक्रम बराड़ पर हत्या, हत्या के प्रयास, तस्करी, रंगदारी जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
एनआईए की जांच के मुताबिक, विक्रम बराड़ ने मूसेवाला की हत्या को अंजाम देने में गोल्डी बराड़ की मदद की थी। एनआईए के मुताबिक, लॉरेंस ने हवाला चैनलों के माध्यम से बराड़ को कई बार उगाही की रकम भी भेजी थी। बराड़ ने कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में एक डॉक्टर से जबरन वसूली की मांग की थी और उसे धमकी भी दी थी। एनआईए के मुताबिक, बिश्नोई का करीबी सहयोगी बनने से पहले बराड़ पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (एसओपीयू) से जुड़ा था। एनआईए ने पत्रकारों को बताया कि अन्य सहयोगियों के साथ बराड़ ने हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली जैसे विभिन्न अपराधों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था।

रिपोर्टर
admin