मुंबई में फिर सक्रिय हुआ अंडरवर्ल्ड
- by admin
- Apr 23, 2025
मुंबई में फिर एक बार अंडरवर्ल्ड सक्रिय होता नजर आ रहा है। फर्क बस इतना है कि अंडरवर्ल्ड ने इस बार अपना तरीका बदल दिया है। हफ्ता वसूली और धमकियों को दरकिनार कर ‘डी’ कंपनी दक्षिण मुंबई में फर्जी पेपर्स और अपने डर का फायदा उठाकर कई जगहों पर खुलेआम अवैध निर्माण करवा रही है। मनपा के ई, बी और सी वार्ड के अफसर और इंजीनियर्स को डराकर या पैसों का वजन रखकर उन्हें खामोश कर दिया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि चर्नी रोड, जवेरी बाजार, कालबादेवी और नागपाड़ा इलाकों में बन रही अवैध बिल्डिंगों में ‘डी’ कंपनी का पैसा लग रहा है। इतना ही नहीं, प्रोजेक्ट साइट के आस-पास कोई मनपा अधिकारी या अन्य कोई आदमी फटक नहीं सकता है।
गुजराती-मारवाड़ी की प्रॉपर्टी पर नजर
सूत्र बताते हैं कि अंडरवर्ल्ड की नजर ज्यादातर गुजराती और मारवाड़ी लोगों की प्रॉपर्टी पर है। सूत्रों के मुताबिक, ‘डी’ कंपनी की प्रॉपर्टी में इनवेस्ट करने के लिए जो चेहरे सामने लाए गए हैं, वे बिल्कुल नए चेहरे हैं। नए चेहरों के पीछ अरबों रुपया ‘डी’ कंपनी लगा रही है।
जेल काटकर आए बाउंसर
इन अंडरवर्ल्ड द्वारा निर्मित साइट पर जो बाउंसर बैठाए गए हैं, उनमें कुछ संगीन अपराध के जुर्म में जेल काटकर आए हैं तो कुछ बाउंसरों के खिलाफ हफ्ता वसूली, धमकी और किडनैपिंग के कई मामले दर्ज हैं। ये सभी डी कंपनी से जुड़े हुए लोग हैं।
मदनपुरा में धड़ल्ले से बन रही है अवैध बिल्डिंग
मदनपुरा स्थित सांकली स्ट्रीट में अरब मस्जिद के करीब निर्माण कार्य चल रहा है। सूत्र बताते हैं कि इमारत का कार्य पूरी तरह से अवैध तरीके से चल रहा है। बिना परमिशन के यहां हाई राइज बिल्डिंग का काम धड़ल्ले से चल रहा है। सूत्र यह भी बताते हैं कि निर्माण कार्य के लिए बनाए गए सभी कागजात फर्जी हैं और इस फर्जीवाड़े में मनपा के अधिकारी और इंजीनियर भी शामिल हैं। बता दें कि इस साइट के आस-पास से कोई गुजर नहीं सकता है, क्योंकि चारों तरफ बाउंसर बैठा रखे हैं। इन बाउंसरों का खौफ इतना है कि कोई भी व्यक्ति निर्माण कार्य की तरफ देखता तक नहीं है।
एसआरए प्रोजेक्ट्स हैं
दाऊद की पहली पसंद!
कई शहरों में फैली है ‘डी’ की संपत्ति
अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम ने रियल इस्टेट के धंधे में काफी पैसा लगा रखा है। इनमें भी उसकी पहली पसंद एसआरए प्रोजेक्ट है। इन्हीं प्रोजेक्ट में ‘डी’ कंपनी का ज्यादातर पैसा लगा हुआ है।
सूत्र बताते हैं कि डी कंपनी वैसे भी पहले से ही रियल इस्टेट में जमकर पैसा लगाती रही है। इस धंधे में दाऊद ने अरबों रुपए कमाए। देश के दो दर्जन से ज्यादा शहरों में उसकी संपत्ति है। दाऊद का पोकमोडिया स्ट्रीट में होटल जायका अब सीज हो चुका है। दक्षिण मुंबई स्थित सारा सहारा होटल भी दाऊद के भाई इकबाल कासकर ने अवैध तरीके से बनवाया था। इस मामले में इकबाल कासकर की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन बाद में सबूतों के अभाव में उसे रिहा कर दिया गया। दक्षिण मुंबई के पायधुनी और डोंगरी इलाकों में जो एक या दो मंजिला पुरानी इमारतें हैं और काफी जर्जर हो चुकी हैं, ऐसी इमारतों को रिपेयरिंग के नाम पर १० से १२ मंजिल तक पहुंचा दिया जा रहा है। और ये काम बहुत तेजी से होता है। ६ महीने के अंदर अवैध निर्माण का काम पूरा किया जाता है।
अधिकारियों की मिलीभगत
इस संदर्भ में वार्ड ऑफिसर या इंजीनियर से बात करने पर वे कोई जवाब ही नहीं देते हैं। वे सीधे कहते हैं कि उनके पास ऐसी कोई जानकारी ही नहीं है। सूत्र बताते हैं कि इस तरह के अवैध निर्माण में भी दाऊद इब्राहिम के गुर्गे सक्रिय हैं। यही लोग मनपा अधिकारी और इंजीनियर को सेट करके काम करवाते हैं।
संबंधित पोस्ट
हमें फॉलो करें
सब्सक्राइब करें न्यूज़लेटर
SUBSCRIBE US TO GET NEWS IN MAILBOX
लाइव क्रिकेट स्कोर
शेअर मार्केट
Ticker Tape by TradingView
Stock Market by TradingView

रिपोर्टर
admin